जींद में नामी कंपनी का नकली पेंट मिला,मामला दर्ज
जींद, 11 अगस्त (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मंडी में ब्रांडेड कंपनी का नकली पेंट बेचने पर दुकान मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी, कॉपीराइट एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एशियन कंपनी के नुमाइंदे राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि पिल्लूखेड़ा मंडी निवासी योगेश अपनी दुकान में उनकी कंपनी की नकली पेंट बेच रहा है। जिससे उपभोक्ता व कंपनी दोनों को नुकसान हो रहा है।
सूचना के आधार पर उन्होंने पिल्लूखेड़ा पुलिस को लेकर दुकान पर छापा मारा गया। जांच करने पर दुकान मे 110 बाल्टियां पेंट व अन्य सामान मिला। जिन पर कंपनी का लोगो लगा हुआ था। पंजीकरण से छेड़छाड़ की गई थी। जब दुकानदार से दस्तावेजों तथा सामान के बारे में पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और न ही कोई कागजात प्रस्तुत कर पाया।
पिल्लूखेडा थाना पुलिस ने कंपनी नुमाइंदे राजेश की शिकायत पर दुकानदार योगेश के खिलाफ धोखाधड़ी, कॉपीराइट एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जानकारी देते हुए पिल्लखेड़ा थाना के जांच अधिकारी रोहित ने बताया कि कंपनी के नुमाइंदे ने नकली कंपनी प्रोडक्ट बेचने पर दुकानदार के खिलाफ शिकायत की थी। फिलहाल दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

