जींद : एकलव्य स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में डूबने से युवक की मौत
जींद, 15 मई (हि.स.)। सफीदों रोड स्थित एकलव्य स्टेडियम में स्थित स्वीमिंग पूल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक परिजनों ने स्वीमिंग पूल संचालकों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने स्वीमिंग पूल संचालक, कोच व मैनेजिंग स्टाफ सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांधी गली निवासी संजय जैन ने शुक्रवार को बताया कि उसका बेटा गौरव जैन पिछले 25 दिन से एकलव्य स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में शाम को सात बजे से आठ बजे तक तैराकी का अभ्यास करने के लिए जाता था। उसने इसके लिए 3500 रुपये की रसीद भी कटवाई थी। गुरूवार शाम को भी गौरव जैन स्टेडियम में अभ्यास के लिए गया था। रात साढ़े आठ बजे तक वह वापस नही आया। जब गौरव के बारे में पूछताछ की तो उसका कहीं कुछ पता नही चला। जब परिजन स्वीमिंग पूल पर पहुंचे तो उन्हें अंदर नही जाने दिया गया। जब वह जबरन अंदर गया तो उसके बेटे का शव स्वीमिंग पूल में ही तैर रहा था। संजय जैन ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने बेटे के शव को स्वीमिंग पूल से बाहर निकलने की कोशिश की तो स्वीमिंग पूल का स्टाफ, कोच व अन्य लोगों ने उनकी कोई मदद नही की। इसके बाद वह अपने भतीजे की मदद से अपने बेटे के शव को बाइक पर लेकर अस्पताल पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से गुस्साए परिजन तथा शहर के मौजिज लोग शुक्रवार को सिविल लाइन थाना में पहुंचे। इसके बाद इन्होंने डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, डीसी मोहम्मद इमरान रजा व एसपी कुलदीप सिंह से मुलाकात की और स्वीमिंग पूल संचालकों को गिरफ्तार करने की मांग की।
सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि मृतक के पिता संजय जैन की शिकायत पर पुलिस ने स्वीमिंग पूल के संचालक, कोच व प्रबंधन में अन्य स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

