home page

जींद : विस डिप्टी स्पीकर के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना मांगे पैसे

 | 
जींद : विस डिप्टी स्पीकर के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना मांगे पैसे


आराेपी ने खुद को बताया सीआरपीएफ अधिकारी

जींद, 26 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना कर रुपये मांगने पर शहर थाना पुलिस ने डिप्टी स्पीकर के मीडिया कार्डिनेटर की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा के मीडिया कोर्डिनेटर सन्नी मग्गू ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डा. कृष्ण लाल मिड्ढा विदेश दौरे पर गुए हुए थे।

गत 22 सितंबर को उनके जानकार के पास डा. कृष्ण लाल की फेसबुक से एक लाख 15 हजार रुपये मांगने का मैसज आया। आरोपित ने खुद को सीआरपीएफ का अधिकारी बताया। साथ ही डिप्टी स्पीकर द्वारा उसका नंबर दिए जाने का मैसेज भी दिया गया। मैसेज में रुपयों के बदले घरेलू सामान ले जाने की बात कही है। पेमेंट गूगल पे नंबर पर करने के लिए कहा है। जब उन्होंने फेस बुक आईडी को देखा तो वह फर्जी बनाई गई। किसी अज्ञात व्यक्ति ने डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल की फेसबुक आईडी बना कर लोगों को ठगने की कोशिश की गई है।

शहर थाना पुलिस ने सन्नी मग्गू की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की कोशिश करने, आईटी एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि डिप्टी स्पीकर के मीडिया कोर्डिनेटर ने फर्जी फेसबुक आईडी बना दुरूपयोग की शिकायत दी है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा