सोनीपत पुलिस ने स्कूल में विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया
सोनीपत, 06 मार्च (हि.स.)। महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सोनीपत पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार
जारी है। शुक्रवार को गांव शहजादपुर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों
को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला
थाना सोनीपत की टीम द्वारा किया गया।
पुलिस
आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में चल
रहे इस अभियान के तहत महिला थाना प्रभारी निरीक्षक कविता के नेतृत्व में पुलिस टीम
स्कूल पहुंची। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अध्यापकों को विभिन्न सुरक्षा प्रावधानों
तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम
के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से बताया।
बच्चों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के यौन शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में
तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें। साथ ही बच्चों को यह भी बताया
गया कि किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तुरंत शिकायत करना आवश्यक है, ताकि समय रहते
कार्रवाई हो सके।
पुलिस
टीम ने आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 सेवा के उपयोग की जानकारी
दी। इसके अलावा यात्रा निगरानी सेवा और साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी समझाए गए। विद्यार्थियों
को बताया गया कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने तथा सामाजिक माध्यमों पर
अजनबियों से बातचीत करते समय विशेष सावधानी रखें।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

