हिसार में होटलों पर पुलिस का छापा, 22 लड़कियां और 19 लड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मिले
होटलों की आड़ में देह व्यापार कराने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
होटल राज व होटल 999 के मैनेजर गिरफ्तार
हिसार, 22 सितंबर (हि.स.)। मॉडल टाउन स्थित शीशमहल
वाली गली में होटल राज और होटल 999 में पुलिस ने रेड कर देह व्यापार की गतिविधियों
का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दोनों होटलों से 22 लड़कियां और 19 लड़के संदिग्ध
परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक पूछताछ और कार्रवाई
के बाद छोड़ दिया। मामले में दोनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार किया गया है।
डीएसपी महिला सुरक्षा प्रिया शर्मा के नेतृत्व
में थाना अर्बन एस्टेट पुलिस टीम ने साेमवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। होटल 999
में 13 लड़कियां और 11 लड़के मिले, जबकि होटल राज में 9 लड़कियां और 8 लड़के पाए गए।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से पहले बोगस ग्राहक को होटल 999 में भेजा गया था। इशारा
मिलते ही टीम ने दबिश देकर मैनेजर हांसी जिले के कोंथ कलां निवासी कुलदीप को काबू किया।
कमरा नंबर 205 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। महिला की मेकअप किट से आपत्तिजनक
सामान बरामद हुआ। इसके बाद होटल राज में भी बोगस ग्राहक के इशारे पर दबिश दी गई और
मैनेजर कैथल निवासी अंकुश को गिरफ्तार किया गया। कमरा नंबर 112 में बोगस ग्राहक के
साथ एक महिला मिली।
पुलिस ने दोनों होटलों से बरामद कुल एक हजार रुपये
रुपये और आपत्तिजनक सामान को अलग-अलग पैकेटों में सील कर साक्ष्य के रूप में कब्जे
में लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि दोनों मैनेजर पैसा कमाने के उद्देश्य
से बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाते थे। थाना अर्बन एस्टेट में विभिन्न
धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसपी सिद्धांत जैन का कहना है कि होटल, गेस्ट
हाउस या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों
के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में होने
वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को
देने के निर्देश दिए। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में अन्य संभावित
संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

