home page

कैथल: नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, 100 जवानों ने चलाया अभियान

 | 
कैथल: नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, 100 जवानों ने चलाया अभियान


कैथल, 19 नवंबर (हि.स.)। नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत कैथल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह राजौंद क्षेत्र के गांव मंडवाल में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। डीएसपी रोहताश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की 10 टीमों ने स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध स्थानों पर गहन तलाशी ली। इस अभियान में थाना राजौंद के एसएचओ एसआई हरपाल और सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष की टीमें भी शामिल रहीं। पुलिस टीमों ने गांव में संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 12 घरों सहित अन्य स्थानों की जांच की। इस दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं या कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं है।डीएसपी रोहताश ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसना, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। कैथल पुलिस का लक्ष्य पूरे जिले को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनकी असली जगह जेल है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा बेचने वाले या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ पुलिस का कॉम्बिंग अभियान और जागरूकता मुहिम भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे