पुलिस भर्तियों के लिए पीएसटी शुरू, हिसार के युवक का पैर टूटा
चंडीगढ़, 15 जून (हि.स.)। हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती के पहले ही दिन सोमवार को पंचकूला में एक बड़ा हादसा हो गया। फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीसटी) के दौरान सड़क पर दौड़ लगाते समय हिसार के खैरी गांव निवासी एक अभ्यर्थी रजत का पैर टूट गया। जिसे एम्बुलेंस की सहायता से सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।5500 पदों पर निकली भर्ती में पहले दिन करीब 3 हजार युवाओं को सडक़ पर दौड़ लगाने के लिए बुलाया गया। 6 दिन का शेड्यूल जारी कर 18000 को टेस्ट के लिए बुलाया गया है। दौड़ से पहले युवाओं का बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजारा गया। पहले कहा जा रहा था कि दौड़ ट्रैक पर होगी, लेकिन अब अभर्थियों को सडक़ पर दौड़ाया जा रहा है।हिसार के खैरी गांव निवासी रजत ने बताया कि उसने बी फार्मा का कोर्स पूरा किया था। इसी दौरान पुलिस भर्ती के फार्म निकल आए तो उसने अप्लाई कर दिया। सीईटी पहले ही क्लियर कर लिया था। उसकी जिंदगी की यह पहली भर्ती है। रजत के अनुसार उसके पिता मजदूरी करते हैं। मां सरोज घरेलू महिला हैं।
चोट लगने के कारण रजत की हड्डी टूट गई है। पंचकूला के सरकारी अस्पताल में उसका कच्चा प्लास्टर किया गया है। रजत ने बताया कि वह हिसार जाकर अपनी सर्जरी करवाएगा। प्राथमिक उपचार के बाद वह हिसार चला गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

