नूंह: भाजपा नेता से करोड़ों की फिरौती मांगने के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
नूंह, 21 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता जाहिद हुसैन से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नूंह पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकीम निवासी गांव बाई, थाना आकेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे फिरौती मांगने की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता जाहिद हुसैन निवासी गांव बाई, हाल आबाद गौशाला रोड नूंह को गत 27 सितंबर की रात उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को रोहित गोदारा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए दो दिन के भीतर पांच करोड़ रुपये देने की मांग की थी। साथ ही रकम नहीं देने पर जाहिद हुसैन और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद रात को उसी नंबर से दोबारा कॉल कर फिरौती की मांग दोहराई गई और जवाब देने का दबाव बनाया गया।
इस संबंध में जाहिद हुसैन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले उत्तर प्रदेश निवासी आकाश को गिरफ्तार किया। इसके बाद गांव बाई निवासी फरीद को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस ने तीसरे आरोपी मुकीम को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि फिरौती की धमकी का शिकार हुए भाजपा नेता जाहिद हुसैन भी मूल रूप से गांव बाई के निवासी हैं। वहीं, मामले में अब तक गिरफ्तार तीन आरोपियों में दो आरोपी इसी गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामले में अभी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस पूरे नेटवर्क, फिरौती मांगने के पीछे की साजिश और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

