पुलिस कांस्टेबलाें के पीएमटी काे राेजाना बुलाए जाएंगे सात साै अभ्यर्थी
चंडीगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य भूपेंद्र चौहान ने कांस्टेबल भर्तियों के लिए 20 अप्रैल से शुरू होने वाली शारीरिक माप परीक्षा (पीएमटी) की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र चौहान ने बताया कि शारीरिक माप परीक्षा सुबह 6:30 बजे से शुरू होगी। प्रारंभ में प्रतिदिन 700 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा, जिसे बाद में बढ़ाकर 1500 अभ्यर्थी प्रतिदिन तक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग प्रतिदिन 1500 से 2000 अभ्यर्थियों को बुलाएगा और आवश्यकता पड़ने पर यह संख्या 3000 तक बढ़ाई जा सकती है। पूरी प्रक्रिया में लगभग 60 से 80 दिन का समय लगेगा।
आयोग की ओर से स्टेडियम के गेट पर अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों के लिए विश्राम क्षेत्र बनाया गया है, जहां वह आराम से बैठ सकें। अभ्यर्थियों के लिए बैगेज जमा करने की व्यवस्था भी की गई है। स्टेडियम में प्रवेश के बाद सख्त जांच के उपरांत दस्तावेजों की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कर अभ्यर्थी को क्रमांक देकर मुख्य हॉल में भेजा जाएगा। मुख्य हॉल के प्रवेश द्वार पर चेस्ट नंबर दिया जाएगा तथा वहां पुन: बायोमेट्रिक प्रक्रिया की जाएगी।
सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद मुख्य हॉल में 21 आधुनिक डिजिटल मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से अभ्यर्थियों की लंबाई एवं छाती का मापन किया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी मापन से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह तुरंत अपील कर सकता है और उसका पुन: परीक्षण किया जाएगा। इन व्यवस्थाओं के अतिरिक्त आयोग ने सिख अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रबंध किए हैं, जिनके अंतर्गत निर्धारित मशीन पर सिख समाज के प्रतिनिधियों द्वारा धार्मिक मर्यादा के अनुरूप उनका मापन किया जाएगा। इसके अलावा जीरकपुर से प्रात: 5 बजे से विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, जो अभ्यर्थियों को स्टेडियम तक पहुंचाएंगी।
आयोग की एनर्जी बूस्टर व दवाइयों से दूर रहने की हिदायत
भूपेंद्र चौहान ने अभ्यर्थियों को आह्वान किया कि वे शारीरिक माप परीक्षा से पूर्व किसी भी प्रकार के एनर्जी बूस्टर या दवाइयों का सेवन न करें, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। गर्भवती महिलाओं एवं अन्य महिला अभ्यर्थियों के लिए भी आयोग की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोग पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

