home page

जींद : पुलिस ने पिपलथा गांव में चलाया विशेष सर्च एवं चेकिंग अभियान

 | 
जींद : पुलिस ने पिपलथा गांव में चलाया विशेष सर्च एवं चेकिंग अभियान


जींद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिला जींद में नशे के कारोबार पर प्रभावी ढंग से शिकंजा कसने तथा जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री, सप्लाई एवं अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को पीपलथा गांव में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा तथा थाना गढ़ी प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने किया। निरीक्षण में बिजली निगम की टीम भी साथ रही। निगम टीम ने छह लाख की बिजली चोरी पकड़ी। वहीं संदिग्ध मिले पांच मोटरसाइकलों को इम्पाउंड किया किया गया।

उप पुलिस नरवाना कमलदीप राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमों के साथ सीआईए टीम, एंटी नारकोटिक सैल, थाना गढ़ी की पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड तथा बिजली विभाग कि स्युंक्त टीमों ने भाग लिया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पीपलथा गांव एवं अन्य चिन्हित स्थानों पर एक साथ पहुंच कर संदिग्ध व्यक्तियों, संदिग्ध मकानों, किराये के मकानों तथा नशे के कारोबार से जुड़े संभावित ठिकानों की गहनता से जांच की गई। नशे के खिलाफ जींद पुलिस द्वारा लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पिपल्था गांव सहित अन्य स्थानों पर पुलिस टीमों ने एक साथ सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाय । अभियान के दौरान नशे के कारोबार में संलिप्त होने के संदेह वाले व्यक्तियों के ठिकानों, मकानों, किराये के मकानों तथा अन्य संभावित स्थानों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ-साथ कई लोगों की तलाशी भी ली गई। इसके अलावा गांव में मौजूद संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई तथा कई संदिग्ध वाहनों को पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया।

नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार रखी जा रही नजर

डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि जींद पुलिस द्वारा नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों, नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले लोगों तथा नशे की गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस की टीमें ऐसे स्थानों की पहचान कर रही हैं, जहां नशीले पदार्थों की बिक्री, सप्लाई अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल नशीले पदार्थ बरामद कर कार्रवाई करना ही नही बल्कि नशे की सप्लाई चेन को जड़ से समाप्त करना है। इसके लिए पुलिस द्वारा सूचना तंत्र को मजबूत किया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा