home page

जींद : अकेडमी संचालक ने नाबालिग छात्र को पीटा, कान का फटा पर्दा

 | 
जींद : अकेडमी संचालक ने नाबालिग छात्र को पीटा, कान का फटा पर्दा


जींद, 20 अक्टूबर (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने डीएसएल अकेडमी में नाबालिग छात्र की संचालक द्वारा बेरहमी से पिटाई करने के दौरान कान का पर्दा फटने पर अकेडमी संचालक तथा प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुरूग्राम निवासी आराधाना देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका नाबालिग बेटा पिछले चार साल से रोहतक रोड की डीएसएल अकेडमी में पढता है। गत छह अक्टूबर को अकेडमी के संचालक दीपक लाठर ने उसके बेटे को छोटी सी गलती पर 12 कान पर थप्पड़ तथा 15 कोहनी कमर में मारी। कान पर मारने के कारण उसके बेटे के कान का पर्दा फट गया। जिसके बाद उसका बेटा अकेडमी की प्राचार्य के पास गया और मारपीट के कारण कान में दर्द होने की बात कही। जिस पर उसके बेटे को दर्द निवारक दवाई दी गई। जिसके बाद उसके बेटे को कक्षा में भेज दिया गया। दो दिन तक उसका बेटा दर्द से कहराता रहा। हालात खराब होने पर तीसरे दिन उसके बेटे को अस्पताल ले जाया गया।

जहां पर चिकित्सक ने कान का पर्दा फटने और आप्रेशन होने की बात कही। बाद में उसे घटना के बारे में उन्हें अवगत करवाया गया। जिसके बाद दीपक लाठर आया और दूसरे डाक्टर से चैकअप करवाने की बात कही। फिर उसके बेटे की नागरिक अस्पताल में जांच करवाई गई। जहां पर चिकित्सक ने कान का पर्दा फटे होने के बारे में बताया। जिसके बाद वह हॉस्टल में पहुची और प्राचार्य से अपने बेटे की दसवीं की मार्कशीट मांगी। जिस पर प्राचार्य ने डेढ़ लाख रुपये की डिमांड की। आरोपितों ने उसके साथ दुव्र्यवहार करते हुए बच्चे के कैरियर को खराब करने की धमकी दी। मंगलवार को रोहतक रोड चौकी प्रभारी अमित ने बताया कि पुलिस ने आराधना की शिकायत पर अकेडमी संचालक दीपक लाठर तथा प्राचार्य के खिलाफ 75 जेजे, मारपीट करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा