जींद में दो पिकअप गाडिय़ों से 32.50 किलो चूरापोस्त बरामद, तीन काबू
जींद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नरवाना के खनौरी रोड पर दो पिकअप गाडिय़ों को सीआइए स्टाफ नरवाना ने काबू कर उनमें से 32.50 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों गाडिय़ों को कब्जे में ले तीनों लोगो के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपित पिकअप गाडियों में लोड लहसुन तथा प्याज की आड़ में चूरा पोस्त को तस्करी कर पंजाब ले जा रहे थे।
सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीआइए स्टाफ नरवाना की टीम गांव डूमरखां मोड़ पर आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखे हुई थी। उसी दौरान पुलिसकर्मियों ने जींद की तरफ से आ रही पिकअप गाड़ी को रूकवा कर उसकी बॉडी की तलाशी ली। जिसमें प्याज लोड पाया गया। जब पुलिसकर्मियों ने गाड़ी के केबिन की तलाशी ली तो उसमें चालक सीट के नीचे कट्टा रखा दिखाई दिया। जिसकी जांच करने पर उसमें चूरा पोस्त पाया गया। जिसका वजन छह किलो 350 ग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में पिकअप चालक की पहचान जसकरण तथा क्लीनर की पहचान गांव भागीवांदरा निवासी बाबरा के रूप में हुई।
प्याज को भी एमपी से पंजाब ले जाया जा रहा था। वहीं सीआईए स्टाफ नरवाना की दूसरी टीम खनौरी रोड पर आने जाने वाले वाहनों पर नजर रखे हुए थी। उसी दौरान नरवाना बस अड्डे की तरफ से तेजरफ्तार पिकअप गाड़ी आई। चालक ने पुलिस पार्टी को देख कर गाड़ी को टोहाना रोड की तरफ मोडऩे की कोशिश की। पुलिसकर्मियो पीछा कर गाड़ी को काबू कर लिया। पुलिस कर्मियो ने जब पिकअप गाड़ी का तिरपाल हटा कर तलाशी ली तो उसमे लहसुन लोड पाया गया। जिसके बाद गाड़ी के केबिन की तलाशी ली गई तो उसमें कट्टे में बंद चूरापोस्त बरामद हुआ। जिसका वजन 25 किलो 900 ग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में पिकअप चालक की पहचान गांव पिथो जिला भठिंडा (पंजाब) निवासी हरभजन के रूप में हुई। लहसुन को एमपी से पंजाब ले जाया जा रहा था। पुलिस आरोपितों से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

