home page

जींद : पोल्ट्री फार्म में मिले खाद के 600 कट्टे, मामला दर्ज

 | 
जींद : पोल्ट्री फार्म में मिले खाद के 600 कट्टे, मामला दर्ज


जींद, 09 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना नरवाना पुलिस ने गांव सच्चाखेड़ा से भिखेवाला रोड पर पोल्ट्री फार्म पर अवैध रूप से भंडारण किए 600 खाद के कट्टे बरामद होने पर एक व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु कालाबाजारी, धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

कृषि विभाग के एसडीओ सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव सच्चाखेड़ा से भिखेवाला रोड पर बने पोल्ट्री फार्म में खाद का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर जब पोल्ट्री फार्म पर विभाग की टीम ने छापेमारी की तो वहां 600 कट्टे भरे तथा 720 कट्टे खाली बरामद हुए। खाद के कट्टों को दूसरे कट्टों में बदला गया था। जब पोल्ट्री फार्मर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गांव बरसोला निवासी रविन ने खाद के कट्टों को उसके पोल्ट्री फार्म में रखवाया है।

खाद को किसानों में वितरण करने की बजाय उसे फैक्ट्रियों में महंगे दामों पर बेचा जाना था। कृषि विभाग की टीम ने खाद के दो सैंपल भी भरे हैं। सदर थाना नरवाना पुलिस ने कृषि विभाग के एसडीओ सुनील की शिकायत पर रविन के खिलाफ आवश्यक वस्तु कालाबाजारी, धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार को जानकारी देते हुए सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि कृषि विभाग की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा