home page

जींद : पुलिस ने हत्यारोपितों को हिरासत में लिया तब परिजनों ने किया मृतक का संस्कार

 | 
जींद : पुलिस ने हत्यारोपितों को हिरासत में लिया तब परिजनों ने किया मृतक का संस्कार


जींद, 20 नवंबर (हि.स.)। उचाना खंड के गांव कहसून में गत 18 नवंबर को व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपितों को राउंडअप किए जाने पर परिजन मृतक का शव उठाने पर राजी हो गए। जिसके बाद ही मृतक के परिजनों ने शव को शव गृह से ले लिया और अंतिम संस्कार को राजी हुए। उचाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि गांव कहसून निवासी राजू (40) की गत 18 नवंबर को पड़ोसियों राहुल तथा गौरव के परिजनों ने तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी थी। जिसमे मृतक राजू का भाई कृष्ण, भतीजा नवाब समेत तीन लोग घायल हो गए थे। हमलावरों को संदेह था कि राजू परिवार ने चोरी के मामले में मुखबरी की है। जिसके चलते पुलिस राहुल तथा गौरव को ले गई है। उचाना थाना पुलिस ने मृतक के घायल भतीजे नवाब की शिकायत पर राहूल, गौरव, रमेश, विजय, सावन, बलराम, जसबीर, विशाल, विकास, दिलबाग, निरंजन, जोनी, विक्रम, ममता के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था।

19 नवंबर को नागरिक अस्पताल में मृतक राजू का पोस्टमार्टम हो चुका था लेकिन परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और शव उठाने से मना किया। एएसपी अमित सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मृतक परिजनों से बातचीत भी की थी। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक आरोपितों को गिरफ्तार नही किया जाता तब तक शव नही उठाएंगे। शुक्रवार को पुलिस ने सात आरोपितों के हिरासत में लेने की बात कही। जिस पर परिजन शांत हुए और नागरिक अस्पताल से शव लेने को राजी हो गए। मृतक के शव को गांव कहसून ले जाया गया। उस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। मृतक राजू का अंतिम संस्कार होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने हालातों को देखते हुए गांव मे निगरानी को भी बढा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा