home page

जींद : शादी समारोह में युवक की हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
जींद : शादी समारोह में युवक की हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार


जींद, 22 अप्रैल (हि.स.)। निजी होटल में बारातियों के बीच हुई आपसी कहासुनी के चलते एक व्यक्ति की हत्या करने के दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

सदर थाना जींद प्रभारी मनीष कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि गत 20 अप्रैल को पुलिस चौकी सीएसआरयु को जानकारी मिली कि गांव बराहखुर्द निवासी विकास की कुसुम होटल में आपसी कहासुनी के चलते हत्या कर दी गई है। मृतक के भाई अरविंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई के साथ अपने चाचा के लड़के कि शादी में जींद में आए थे। यहां सतीश, अमन व अन्य लोगों ने उसके भाई विकास के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। तैश में आए अमन ने अपने साथियों के साथ मिल कर चाकू से विकास की छाती तथा पेट पर वार कर दिए। जिसमें विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना को अंजाम देकर आरोपित सतीश अपने दोनों बेटों को गाड़ी में लेकर फरार हो गया। लहूलुहान हालात में विकास को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने विकास की गंभीर हालात देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने अरविंद की शिकायत पर सतीश, उसके बेटे अरूण तथा अमन के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए गांव बराहखुर्द निवासी सतीश व अमन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा