सिरसा में एचटेट परीक्षा केंद्रों पर तैनात होंगे 550 पुलिस कर्मी
सिरसा, 02 जुलाई (हि.स.)। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा चार व पांच जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर पुुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर करीब 550 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए ईआरवी, पीसीआर व राइडर लगातार निगरानी पर रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने गुरुवार को बताया कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात जिला पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास गहन जांच अभियान चलाया जाए तथा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए। साथ ही आसपास स्थित कोचिंग संस्थानों और संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। एसपी साहब ने बताया कि परीक्षा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस नाके स्थापित किए जाएंगे,जहां से गुजरने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जाएगी। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ ड्यूटी निभाने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

