home page

सोनीपत: साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस ने दी लोगों को सतर्क रहने की सलाह

 | 
सोनीपत: साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस ने दी लोगों को सतर्क रहने की सलाह


सोनीपत, 04 अक्टूबर (हि.स.)। आमजन

को साइबर अपराधों से बचाने के लिए सोनीपत पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान लगातार जारी

है। रविवार को इसी कड़ी में साइबर थाना वेस्ट जोन की टीम ने सेक्टर-23 स्थित महलाना

रोड के पार्क में लोगों को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए। पुलिस आयुक्त ममता सिंह

के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त साइबर के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है।

साइबर

विशेषज्ञ एएसआई सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पार्क में मौजूद लोगों को उनकी

उम्र और जरूरत के अनुसार साइबर सुरक्षा की जानकारी दी। टीम में सिपाही अंकित भी शामिल

रहे। वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी फोन कॉल, ओटीपी, बैंकिंग धोखाधड़ी

और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया गया। बच्चों और युवाओं को सुरक्षित

इंटरनेट इस्तेमाल, सामाजिक माध्यमों पर सावधानी, ऑनलाइन खेलों के दौरान होने वाली ठगी

तथा संदिग्ध लिंक और एप से बचने की सलाह दी गई।

पुलिस

ने लोगों से कहा कि सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड,

एटीएम, डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के

साथ साझा न करें। संदिग्ध फोन आने पर किसी भी तरह की जानकारी देने से बचें। पुलिस ने

बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत

करें। इसके साथ ही आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

एसीपी

साइबर राजदीप मोर ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे

में जागरूकता और सतर्कता ही बचाव का सबसे मजबूत उपाय है। उन्होंने लोगों से साइबर सुरक्षा

संबंधी सावधानी बरतने और किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। सोनीपत

पुलिस का यह जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना