हिसार : यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, एक सप्ताह में 4201 चालान
ओवरस्पीड के 815, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के 373 और बिना नंबर प्लेट के
363 चालान
ट्रिपल राइडिंग के 352 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई
हिसार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था
को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने
वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशानुसार
पिछले एक सप्ताह में जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 4,201 चालान किए
गए।
यातायात पुलिस की कार्रवाई के दौरान ओवरस्पीड के 815, हाई सिक्योरिटी नंबर
प्लेट (एचएसआरपी) के 373, बिना नंबर प्लेट के 363 और ट्रिपल राइडिंग के 352 चालान किए
गए। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने पर 79, बिना वर्दी के 52, बिना सीट बेल्ट के
25 और वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगाने पर 23 चालान किए गए। प्रेशर हॉर्न, पटाखे जैसी तेज
आवाज निकालने वाले साइलेंसर और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर भी नियमानुसार
कार्रवाई की गई।
एसपी सिद्धांत जैन ने बुधवार काे बताया कि यातायात पुलिस प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों
और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी रख रही है। पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीड, शराब
पीकर वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना और तेज आवाज करने वाले
प्रेशर हॉर्न व साइलेंसर का इस्तेमाल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा है। ऐसे उल्लंघनों से
दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने के साथ आमजन को भी परेशानी होती है। यातायात नियमों की अवहेलना
करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

