home page

हरियाणा में पीएमजेवीके के 99.97 प्रतिशत कार्य पूरे

 | 

एनएमडीएफसी के लिए सरकारी गारंटी 25 से बढ़ाकर 35 करोड़ रुपये कीचंडीगढ़, 21 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत स्वीकृत 2,902 इकाइयों में से 2,901 इकाइयों का कार्य पूरा हो चुका है, जो 99.97 प्रतिशत भौतिक प्रगति को दर्शाता है। इसके साथ ही अल्पसंख्यक समुदायों के लिए संचालित ऋण एवं आजीविका योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में हजारों लाभार्थियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।

यह जानकारी सोमवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ.श्रीवत्स कृष्ण और हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, ऋण एवं आजीविका कार्यक्रमों, वक्फ संपत्तियों के डिजिटलीकरण, छात्रवृत्ति तथा अन्य कल्याणकारी पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि पीएमजेवीके के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की कुल लागत 156.21 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 109.24 करोड़ रुपये है। केंद्र से जारी राशि के विरुद्ध 94.84 करोड़ रुपये के उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं। निगम द्वारा अब तक 11,879 लाभार्थियों को कुल 84.31 करोड़ रुपये की सावधि ऋण सहायता प्रदान की गई है। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम (एनएमडीएफसी) को ऋण की वापसी की दर 99.97 प्रतिशत रही है, जबकि लाभार्थी स्तर पर वसूली 96 प्रतिशत दर्ज की गई है।

नूंह में मेवात विकास एजेंसी (एमडीए) द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के 3,779 लाभार्थियों को 11.96 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराए गए हैं। इसमें 3,365 लाभार्थियों को 9.77 करोड़ रुपये की सूक्ष्म वित्त सहायता तथा 414 लाभार्थियों को 2.18 करोड़ रुपये के सावधि एवं शिक्षा ऋण शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा