home page

प्रधानमंत्री ने 12 वर्ष में 17 बार किया हरियाणा का दौरा

 | 

-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिखा अभिनंदन पत्र

चंडीगढ़, 10 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को संबोधित अपने पत्र में कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में बीते 12 वर्ष राष्ट्र की सामूहिक चेतना के पुनर्जागरण, जनसेवा और विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुए हैं।प्रधानमंत्री का यह कालखंड सेवा, सुशासन, संकल्प, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित एक युगांतकारी यात्रा का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देशवासियों ने विकसित, आत्मनिर्भर, सशक्त और गौरवशाली भारत के जिस सपने के साथ देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सौंपी थी, आज 140 करोड़ भारतवासी उस सपने को साकार होते हुए देख रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि 15 सितंबर, 2013 को रेवाड़ी में आयोजित देश के पूर्व सैनिकों की रैली से प्रधानमंत्री ने अपने लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की थी और उस रैली का उत्साह तथा हरियाणा के लोगों का स्नेह आज भी स्मरणीय है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि रही है और उनका प्रदेश से विशेष लगाव रहा है। प्रधानमंत्री अब तक 17 बार हरियाणा का दौरा कर चुके हैं और प्रत्येक अवसर पर उन्होंने प्रदेश को विकास की नई सौगात दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा को अब तक 1,390 किलोमीटर लंबे 22 राष्ट्रीय राजमार्ग दिए हैं, जिसके परिणामस्वरूप आज प्रदेश का प्रत्येक जिला राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत हरियाणा के मेहनतकश किसानों को 9,888 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 20.17 लाख किसानों को 7,562 करोड़ रुपये दिए गए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 15 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन मिले हैं तथा प्रदेश में 2.18 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के अंतर्गत 27 लाख से अधिक लोगों को 4,148 करोड़ रुपये की लागत से मुफ्त इलाज मिला है। प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना के तहत 1.57 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। वीबीजीवाई योजना में श्रमिकों को 5,337 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है। जल जीवन मिशन के माध्यम से 31 लाख ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। प्रदेश के युवाओं ने 10 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित किए हैं तथा 1.58 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बार-बार यह संदेश दिया है कि विकास और विरासत एक-दूसरे के पूरक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी नेता की पहचान केवल उसके निर्णयों से नहीं होती, बल्कि उसके व्यक्तित्व, कार्यशैली और मूल्यों से भी होती है। सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री का अनुशासन, अथक परिश्रम, सादगी और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा