home page

कैथल: ई-नीलामी में प्लॉट दिलाने के नाम पर 17 लाख हड़पे

 | 

आईजी करनाल के एसए सहित तीन पर केसकैथल, 18 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर-21 हुडा में ई-नीलामी के जरिए प्लॉट दिलाने और उसमें 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का भरोसा देकर करीब 17 लाख रुपये लेने के आरोप में कैथल सिटी थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।आरोपियों में पुलिस विभाग में कार्यरत मदन लाल, कपिल शर्मा और मदन लाल का बेटा अजय शामिल हैं। शिकायत में मदन लाल को वर्तमान में करनाल रेंज के आईजी के एसए के सुरक्षा एजेंट के तौर पर कार्यरत बताया गया है, जबकि एफआईआर में उसे एएसआई बताया गया है। पुलिस को दी शिकायत में अमित सिकरी ने बताया कि मदन लाल उसका पड़ोसी है और उसके पिता के साथ भी उसके अच्छे संबंध रहे हैं। इसी जान-पहचान के चलते उसे मदन लाल पर भरोसा था। शिकायत के अनुसार मदन लाल ने उसे बताया कि वह कपिल शर्मा के साथ मिलकर प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम करता है। उसने सेक्टर-21 हुडा में ई-नीलामी के माध्यम से आठ प्लॉट बिकने और अधिकारियों से अपनी अच्छी सेटिंग होने की बात कहते हुए बाजार भाव से कम कीमत पर प्लॉट दिलाने का भरोसा दिया।शिकायतकर्ता के अनुसार प्लॉट नंबर 1373 में उसे 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की बात तय हुई थी। इसके बाद उसने 1.38 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि 5.52 लाख रुपये कपिल शर्मा के खाते से हुडा के खाते में जमा करवाए गए। ई-नीलामी में उक्त प्लॉट करीब 1.80 करोड़ रुपये में खरीदे जाने की बात शिकायत में कही गई है।प्लॉट आवंटित होने के बाद हुडा की ओर से जमा कराई जाने वाली राशि के नाम पर भी शिकायतकर्ता से रकम ली गई। आरोप है कि 10 प्रतिशत राशि जमा कराने के नाम पर 7.23 लाख रुपये ऑनलाइन और एक लाख रुपये नकद दिए गए। इसके बाद एक अप्रैल 2025 को 6.75 लाख रुपये ऑनलाइन तथा 1.02 लाख रुपये नकद देने की बात भी शिकायत में कही गई है।शिकायतकर्ता के अनुसार जून 2026 में जब उसने हुडा कार्यालय से प्लॉट की स्थिति के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि निर्धारित 15 प्रतिशत राशि जमा नहीं कराई गई थी। इसके बाद मदन लाल की ओर से 26 लाख 99 हजार 700 रुपये की एक रसीद दिए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पंचकूला स्थित हुडा कार्यालय से रसीद का सत्यापन कराया गया तो विभाग की ओर से ऐसी कोई रसीद जारी किए जाने से इनकार किया गया।इसके बाद शिकायतकर्ताओं ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। शिकायत के मुताबिक पहले आरोपियों ने करीब 45 दिन में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में रकम वापस करने से इनकार कर दिया। मदनलाल पर पुलिस विभाग में नौकरी का हवाला देते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को आरोपियों के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग होने की जानकारी भी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एसए मदनलाल, कपिल शर्मा और अजय के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी रमेश चंद ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे