home page

हिसार : कुश्ती में 10 पदकों सहित हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के खिलाड़ियों ने जीते अनेक पदक

 | 
हिसार : कुश्ती में 10 पदकों सहित हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के खिलाड़ियों ने जीते अनेक पदक


अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियामक मंडल की

47वीं राष्ट्रीय खेल स्पर्धा

हिसार, 13 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी

बोर्ड की ओर से आयोजित अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियामक मंडल की 47वीं राष्ट्रीय

खेल स्पर्धा में हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप (एचपीएसजी) की टीम ने शानदार प्रदर्शन

करते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार उपलब्धियां हासिल कर हरियाणा का नाम

राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। पुणे में आयोजित तीन दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता

का आयोजन बालेवाड़ी स्थित श्री शिव छत्रपति क्रीड़ा संकुल में किया गया था जिसमें देशभर

की विद्युत कंपनियों की टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान सुनील कुमार वर्मा, स्पोर्ट्स

सेक्रेटरी/एचपीएसजी ने बास्केटबॉल (पुरुष), खो-खो (पुरुष) तथा कुश्ती टीम के मैनेजर

के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। रमेश कुमार, फाइनेंस सेक्रेटरी/एचपीएसजी ने कबड्डी

(पुरुष एवं महिला) टीम के मैनेजर के रूप में भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन

में टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में सफलता प्राप्त की।

हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा सभी खिलाड़ियों,

टीम प्रबंधन एवं सहयोगी अधिकारियों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।

इस प्रकार रहे परिणाम

हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के जनरल सेक्रेटरी

सुरेंद्र कुमार ने बुधवार काे बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के खिलाड़ियों

ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती प्रतियोगिता में एक स्वर्ण पदक, 6 रजत पदक एवं

तीन कांस्य पदक अर्जित किए। खो-खो प्रतियोगिता में एचपीएसजी टीम ने महावितरण के विरुद्ध

शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में

पंजाब के विरुद्ध रोमांचक मुकाबले में एचपीएसजी टीम ने रजत पदक हासिल किया, वहीं कबड्डी

प्रतियोगिता में बीएसईएस दिल्ली के विरुद्ध कांस्य पदक प्राप्त कर टीम ने उल्लेखनीय

सफलता अर्जित की। इस राष्ट्रीय खेल स्पर्धा में हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के कुल

55 पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर