सोनीपत: बढ़खालसा में खुलेगा पाैधा बैंक, पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा
सोनीपत, 05 मई (हि.स.)। सोनीपत
के राई स्थित बढ़खालसा स्मृति परिसर में पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य
से मंगलवार को वृक्ष संरक्षण बैंक शुरू करने की घोषणा की गई। इस अनोखी पहल में पैसों
के बजाय पौधों की जमा और वितरण की व्यवस्था होगी। अलग-अलग प्रजातियों के पौधों का संग्रह,
संरक्षण और नि:शुल्क वितरण इस बैंक की मुख्य व्यवस्था रहेगी। किसान, सरपंच और सामाजिक
संस्थाएं नाममात्र शुल्क पर पौधे प्राप्त कर सकेंगी। पारदर्शी प्रणाली से संचालित यह
योजना हरियाली अभियान को संगठित दिशा देने की कोशिश है।
केंद्रीय
मंत्री मनोहर लाल के 72वें जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाते
हुए इस पहल की घोषणा की गई। आयोजन के दौरान अतिथियों और ग्रामीणों ने बहत्तर पौधे लगाकर
उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन की घोषणा बढ़खालसा सामाजिक संगठन के अध्यक्ष
वीर सिंह ने की।
कार्यक्रम
में मुख्य अतिथि के रूप में ट्री मैन ऑफ इंडिया देवेंद्र सूरा के साथ साथ कार्यक्रम
में विधायक कृष्णा गहलावत, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बढ़खालसा और राज नेहरू
भी मौजूद रहे। आसपास के गांवों के सरपंचों, खाप प्रतिनिधियों और किसानों सहित सैकड़ों
लोगों ने शिरकत की। ग्रामीणों ने अपने-अपने गांव में पौधारोपण बढ़ाने और उनकी देखभाल
सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। झज्जर जिले के गुबाना गांव के सरपंच मोंटी ने मंच से
दो सौ पौधे लगाने की सार्वजनिक घोषणा की और युवाओं से इस अभियान में जुड़ने की अपील
की।
कार्यक्रम
के दौरान जुग-जुग जियो मनोहर गीत का विमोचन सुभाष फौजी की आवाज में किया गया। इसके
बाद बिंदर दनौदा और सुभाष फौजी की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया। वृक्ष
संरक्षण बैंक से क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और लोगों को पौधारोपण के लिए स्थायी सहयोग
मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

