home page

नूंह पुलिस ने 25 हजार का इनामी एटीएम कटर बदमाश किया गिरफ्तार

 | 
नूंह पुलिस ने 25 हजार का इनामी एटीएम कटर बदमाश किया गिरफ्तार


नूंह, 12 सितंबर (हि.स.)। नूंह पुलिस ने वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी एटीएम कटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के मोतिहारी जिले में वर्ष 2024 के एटीएम काटकर चोरी करने के मामलों में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजेब निवासी बुबलहेड़ी, थाना पिनगवां के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ बिहार के मोतिहारी जिले के मुफस्सिल और तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में वर्ष 2024 में एटीएम काटकर चोरी करने के मामले दर्ज हैं। बिहार पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

नूंह पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि एटीएम काटकर चोरी की वारदातों के बाद आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस ने नूंह पुलिस से संपर्क किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने आरोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी पिनगवां थाना प्रभारी निखिल कुमार को सौंपी।

थाना प्रभारी निखिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुजेब को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर एटीएम कटर है और बिहार में हुई एटीएम चोरी की वारदातों के मामलों में वांछित था। पूछताछ और आवश्यक पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को बिहार के साइबर थाना मोतिहारी पुलिस के हवाले कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया