हिसार : ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे दर्जनों भेड़-बकरियों व सुअरों को छुड़ाया, चार गिरफ्तार
पुलिस का पशु क्रूरता पर बड़ा प्रहार, दो मामलों
में 99 पशुओं को कराया मुक्त
हिसार, 30 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने पशु क्रूरता
के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में
99 बेजुबान पशुओं को अमानवीय यातना से मुक्त कराया है। पुलिस ने वाहनों में ठूंस-ठूंसकर
ले जाए जा रहे 84 भेड़-बकरियां और 15 सुअरों को सुरक्षित छुड़ाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। अभियान के तहत थाना आजाद नगर और थाना बरवाला पुलिस ने यह कार्रवाई की।
डबल स्टोरी बनाकर 84 पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भरा
था
पहले मामले में आजाद नगर थाना पुलिस को सूचना
मिली कि एक पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों को बेहद क्रूर तरीके से भरकर
ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चौधरीवास टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर
संदिग्ध वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पिकअप में 70 बकरियां और
14 भेड़, कुल 84 पशुओं को वाहन के अंदर दोहरी (डबल स्टोरी) व्यवस्था बनाकर इस कदर ठूंस-ठूंसकर
भरा गया था कि उनके हिलने-डुलने तक की जगह नहीं थी। पुलिस ने सभी पशुओं को मुक्त कर
वाहन को कब्जे में ले लिया। इस मामले में बरवाला निवासी राजेश व जींद निवासी मनवीर
के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में बरवाला थाना पुलिस ने बाडो पट्टी
टोल प्लाजा पर वाहन जांच के दौरान एक अन्य पिकअप वाहन को रोका। जांच में पाया गया कि
वाहन में 15 सुअरों को बिना पर्याप्त स्थान, चारा-पानी और आवश्यक सुविधाओं के अत्यंत
अमानवीय परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी
सुअरों को मुक्त कराया तथा वाहन को जब्त कर लिया। इस मामले में पंजाब के बरनाला निवासी
कुलदीप व सुनील के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि पशुओं के
साथ अमानवीय व्यवहार और अवैध परिवहन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने
कहा कि पुलिस पशु क्रूरता से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही
है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

