home page

यमुनानगर: पीआईबी वार्तालाप कार्यक्रम में पत्रकारों से संवाद, सूचना प्रसार को मजबूत बनाने पर जोर

 | 
यमुनानगर: पीआईबी वार्तालाप कार्यक्रम में पत्रकारों से संवाद, सूचना प्रसार को मजबूत बनाने पर जोर


यमुनानगर, 30 जून (हि.स.) यमुनानगर में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भारत सरकार द्वारा ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी को मीडिया के माध्यम से आम जनता तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में पीआईबी अधिकारियों तनवीर और अहमद खान ने अलग-अलग सत्रों में पत्रकारों को सरकार की सूचना प्रणाली, मीडिया की भूमिका और जमीनी स्तर पर सूचना प्रसारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पीआईबी सरकार और मीडिया के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करता है। अधिकारियों ने बताया कि ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिला, उप-जिला और खंड स्तर पर कार्यरत पत्रकारों की क्षमता को सुदृढ़ करना है, ताकि वे सरकारी योजनाओं और नीतियों की सही व तथ्यपरक जानकारी जनता तक पहुंचा सकें। इस दौरान पत्रकारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सूचना तंत्र की कार्यप्रणाली और फील्ड रिपोर्टिंग के महत्व से भी अवगत करवाया गया। कार्यक्रम में सहभागी संवाद पर विशेष जोर दिया गया, जिसमें पत्रकारों को अपने अनुभव, सुझाव और जमीनी स्तर की चुनौतियों को साझा करने का अवसर दिया गया।

इस दौरान खबरों के संतुलन, तथ्यात्मक रिपोर्टिंग और मीडिया की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पीआईबी अधिकारियों ने कहा कि यह पहल केवल औपचारिक संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य मीडिया और सरकार के बीच विश्वास और समन्वय को और मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर कार्यरत पत्रकारों की भूमिका सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में यह भी कहा गया कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक व्यापक एवं सहभागी बनाया जाएगा, ताकि सूचना प्रसारण की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व सशक्त हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार