हिसार में लाखों के गुमशुदा 18 मोबाइल फोन असल मालिकों के हवाले किए
खोए हुए फोन पाकर मालिक हुए खुश, पुलिस अधीक्षक का किया धन्यवाद
हिसार, 08 मई (हि.स.)। जिले की साइबर सुरक्षा शाखा ने मोबाइल गुम होने की शिकायतों
पर कार्रवाई करते हुए मई माह में अब तक 18 शिकायतों का निपटारा कर गुम हुए 14 मोबाइल
फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अपने कार्यालय में गुमशुदा मोबाइल
फोन के असल मालिको को बुलाकर उन्हें मोबाईल फोन सौंपे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार काे बताया कि जिला की साइबर सुरक्षा शाखा में मोबाइल
गुम होने की शिकायत आती रहती है। इसकी जांच करते हुए साइबर सुरक्षा शाखा प्रभारी पीएसआई
अमित कुमार, मुख्य सिपाही मुकेश कुमार सहारण व सिपाही नितिन ने 18 मोबाइल फोन की बरामदगी
की और उनके असल मालिक को मोबाइल सौंपे गए। इनमें हिसार के सेक्टर 13 की निशा पांचाल,
सतीश बरवाला, संदीप मुजाहदपुर, उमेद लाडवा, रामशरण किरतान, सुरेन्द्र गुराना, शेर सिंह
हिसार, मनीष भैणी बादशाहपुर, धीरज गैबीपुर व जितेन्द्र भारत नगर सहित अन्य शामिल थे।
अपना अपना फोन पाकर ये सभी खुश हुए और पुलिस का तहेदिल से धन्यवाद किया। पुलिस अधीक्षक
ने कहा कि इससे पब्लिक में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

