हिसार में महाराजा अग्रसेन के नाम पर पीजीआई स्थापित किया जाए : बजरंग गर्ग
महाराजा अग्रसेन जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने और उनके जीवन व आदर्शों
को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
हिसार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी
अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने सरकार
से हिसार में महान पुरुष महाराजा अग्रसेन के नाम पर पीजीआई (स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा
एवं अनुसंधान संस्थान) स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से महाराजा
अग्रसेन की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने और उनके जीवन, आदर्शों व सामाजिक योगदान
को स्कूली पाठ्यक्रम में विशेष स्थान देने की भी मांग की। यह बात उन्हाेंने गुरुवार काे पत्रकार वार्ता में कही।
बजरंग गर्ग
ने गुरुवार काे कहा कि 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में आयोजित होने वाला 43वां विशाल वार्षिक मेला
ऐतिहासिक होगा। मेले में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता, हरियाणा के मंत्री
विपुल गोयल, पंजाब के मंत्री विरेंद्र गोयल, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व
सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा और जगतगुरु महामंडलेश्वर कुमार स्वामी सहित अनेक प्रमुख राजनीतिक,
सामाजिक एवं धार्मिक हस्तियां भाग लेंगी। मेले को लेकर वैश्य समाज के प्रतिनिधियों
में भारी उत्साह है और देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि हिसार मेडिकल हब के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में
यहां महाराजा अग्रसेन के नाम पर अत्याधुनिक पीजीआई की स्थापना समय की आवश्यकता है।
इससे हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, जींद और कैथल सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों
के लाखों मरीजों के साथ-साथ पंजाब और राजस्थान के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
मिल सकेंगी। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली, चंडीगढ़ और दूसरे शहरों
में जाने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पीजीआई में आधुनिक
चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, सुपर स्पेशियलिटी विभागों, आधुनिक जांच सुविधाओं
और बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था होनी चाहिए। इस अवसर पर अनाज मंडी जिला प्रधान पवन गर्ग, अग्रोहा धाम जिला प्रधान एनके
गोयल, राष्ट्रीय संयोजक ऋषि राज गर्ग, संरक्षक दीपक गर्ग, मंडी उपप्रधान बजरंग असरावां,
मंडी के पूर्व प्रधान संजय गोयल, महाराजा अग्रसेन स्कूल के प्रधान मोहन बालकिया, मंडी
मंदिर प्रधान सोनू गोयल, श्याम मंडल प्रधान सुरेंद्र बागड़ी, भंडारा इंचार्ज अभिमन्यु
बंसल, सोशल मीडिया इंचार्ज भानु सिंगला और सहसचिव निरंजन गोयल सहित अनेक प्रतिनिधि
उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

