home page

राेहतक: ट्रिपल इंजन सरकार में बिजली-पानी को तरसे लोग, सफाई व्यवस्था भी ध्वस्तः सुभाष बत्रा

 | 
राेहतक: ट्रिपल इंजन सरकार में बिजली-पानी को तरसे लोग, सफाई व्यवस्था भी ध्वस्तः सुभाष बत्रा


भाजपा 11 साल में एक बड़ा प्रोजेक्ट नहीं दे सकी, हुड्डा सरकार ने मेडिकल कॉलेजों से मेट्रो तक बदली थी हरियाणा की तस्वीर

रोहतक, 03 जून (हि.स.)। पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने कहा कि प्रदेश की ट्रिपल इंजन सरकार जनता की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में भी नाकाम साबित हुई है। बिजली, पानी, सफाई, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा कि एक तरफ लोग भीषण गर्मी में पानी और बिजली के लिए भटक रहे हैं, दूसरी तरफ सरकार विकास के झूठे दावे करने में व्यस्त है। वे बुधवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।

सुभाष बतरा ने कहा कि पूरे प्रदेश की सफाई व्यवस्था बदहाल है। बारिश का मौसम सिर पर खड़ा है, लेकिन सरकार ने नालों, सीवर और जल निकासी व्यवस्था की सुध नहीं ली। यदि यही हाल रहा तो बारिश में एक बार फिर शहरों और कस्बों में जलभराव की स्थिति पैदा होगी और जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रोहतक आज भी कांग्रेस का सबसे मजबूत गढ़ है। यहां सांसद और विधायक कांग्रेस के हैं, पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को भी भाजपा के खिलाफ और अधिक संगठित होने की जरूरत है। वे जल्द ही नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे और संगठन को मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए बत्रा ने कहा कि वीरेंद्र सिंह कई बार सार्वजनिक मंचों से कहते रहे कि यदि वे चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बुलाएंगे तो वे जरूर आएंगे, लेकिन फिर उन्हें बुलाया क्यों नहीं, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे लोकप्रिय नेता को भी रोहतक में हुए समापन समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया। पोस्टरों में उनकी तस्वीर तक नहीं थी। रोहतक के कांग्रेस विधायकों को भी कार्यक्रम की सूचना नहीं दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल