home page

जींद : एलपीजी सिलेंडर नहीं मिलने पर लगाया जींद-गोहाना मार्ग पर जाम

 | 
जींद : एलपीजी सिलेंडर नहीं मिलने पर लगाया जींद-गोहाना मार्ग पर जाम


जींद, 27 मार्च (हि.स.)। पारस गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को गैस सिलेंडर न मिलने पर आक्रोशित होकर जींद-गोहाना मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उपभोक्ताओं की परेशानी को दूर करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम लगाने वाले उपभोक्ताओं का कहना था कि सुबह जल्दी आने के बाद भी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नही मिल रहे हैं।

देवीलाल ग्रांऊड पर गैस एजेंसी के उपभोक्ता शुक्रवार दोपहर को गैस सिलेंडर लेने के लिए पहुंचे। जब एजेंसी ने भारत गैस की बजाय एचपी के सिलेंडर देने शुरू कर दिए तो गुस्साए उपभोक्ताओं ने शहीद स्मारक के सामने गोहाना रोड पर जाम लगा दिया। उपभोक्ताओं का कहना था कि एचपी गैस की पहले किल्लत चली हुई है। जिसके चलते उन्हें आगे दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। गैस सिलेंडर लेने के लिए वे सुबह तीन बजे से लाइन में लगे हैं। उपभोक्ता डेढ़ सौ से ज्यादा है, जबकि गैस सिलेंडर तीस पहुंचे है। उनकी पर्ची एक दिन पहले की कटी हुई है। अब जो गैस सिलेंडर आए थे वे दूसरी एजेंसी को बचे दिए। जिसके चलते उन्हें फिर शनिवार को आना पड़ेगा।

उपभोक्ता ने कहा कि पांच दिन हो गए हैं, लेकिन गैस सिलेंडर की सप्लाई नही मिल रही है। वो पांच दिन से लगातार आ रहे हैं और हुडा ग्राउंड पर सिलेंडर का लाइन लगा कर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नही मिल रहे है। बराह खुर्द के सतबीर ने बताया कि पारस गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को अन्य गैस एजेंसियों के उपभोक्ताओं से ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन हो गए हैं उनकी सिलेंडर को लेकर पर्ची कटी हुई है लेकिन सिलेंडर नही मिल रहे हैं। जाम लगने की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा मौके पर पहुंच गई और गैस एजेंसी मैनेजर के साथ बातचीत कर उपभोक्ताओं का शांत करवाया। जिसके बाद जाम में फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि गैस सिलेंडरों को लेकर उपभोक्ताओं ने जाम लगाया था। उन्हें समझा कर जाम खुलवा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा