home page

जींद : मांगों को लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों ने शुरू किया 24 घंटे के लिए पड़ाव

 | 
जींद : मांगों को लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों ने शुरू किया 24 घंटे के लिए पड़ाव


जींद, 29 सितंबर (हि.स.)। रिटायर्ड कर्मचारी संघ के आह्वान पर मंगलवार को सेवानिवृत कर्मियों ने मांगों को लेकर लघु सचिवालय के निकट 24 घंटे का पडाव शुरू किया। बुधवार को सेवानिवृत कर्मचारी उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा से मिलेंगे और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। पड़ाव की अध्यक्षता विक्रम सिंह ने की और संचालन राजकुमार श्योकंद ने किया।

धरने को सम्बोधित करते हुए राज्य उपाध्यक्ष छज्जूराम नैन ने कहा कि मौजूदा सरकार 31 दिसंबर 2025 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों और अधिकारियों को वेतन आयोग का पूरा लाभ नही देना चाहती है। इसलिए हम मांग करते हैं कि आठवें वेतन आयोग की टर्मस ऑफ रेफरेंस का पुनरीक्षण किया जाए। उन्होंने बताया कि आगामी 12 दिसंबर को रामलीला मैदान दिल्ली में रिटायर्ड कर्मचारियों की रैली का आयोजन किया जाएगा। फिर भी यदि सरकार नही चेती तो अगले दिन 13 दिसंबर की कन्वैंशन में बड़े आंदोलन की घोषणा हो सकती है। राज्य उपाध्यक्ष आजाद पांचाल ने कहा कि जब तक सरकार मांगें नहीं मानती तब तक रिटायर्ड कर्मचारी चैन से नहीं बैठेंगे।

जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह ने मांग की कि आठवें वेतन आयोग का पूरा लाभ दिया जाए, बढ़ती उम्र के साथ पेंशन में वृद्धि की जाए, कम्यूटेशन की रिकवरी 10 वर्ष आठ मास तक की जाए, मेडिकल भत्ता तीन हजार मासिक किया जाए, कैशलेस चिकित्सा सुविधा पूर्ण रूप से लागू की जाए, एलटीसी की सुविधा को बहाल रखा जाए, एनपीएस और यूपीएस को समाप्त करके पुरानी पेंशन प्रणाली लागू की जाए, वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा के प्रावधान सुनिश्चित किए जाए। पडाव कोमास्टर सतबीर सिंह, कर्मवीर सिंह संधू, प्रेम सिंह बांगड़, मास्टर बलजीत सिंह, होशियार सिंह, सुधीर शास्त्री, मनदीप नेहरा, बलवान सिंह, सन्नी पटवारी, संजीव ढांडा, ईश्वर सिंह ठाकुर, सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व राज्य ओडिटर राजबीर बेरवाल ने संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा