home page

पंजाब सरकार युवाओं के साथ कर रही है धोखा : नायब सिंह सैनी

 | 
पंजाब सरकार युवाओं के साथ कर रही है धोखा : नायब सिंह सैनी


एक्साइज इंस्पेक्टर के परीक्षा परिणाम और फार्मेसी के पेपर लीक मामले में सरकार को घेरा

चंडीगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में आप पार्टी की सरकार पर युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर के परीक्षा परिणाम में भारी गड़बड़ी हुई है, पास हुए युवाओं के नाम अजीबोगऱीब हैं।

इसके साथ ही अन्य प्रकार की गड़बडिय़ां सामने आई है। यही नहीं चार दिन पहले पंजाब सरकार द्वारा आयोजित फार्मेसी का पेपर भी लीक हुआ है जो कि आप पार्टी की सरकार का प्रतिभावान युवाओं के साथ धोखा है। नायब सिंह सैनी रविवार को पंजाब के फगवाड़ा में आयोजित रक्तदान शिविर एवं एंबुलेंस के लोकार्पण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल, संत गुरचरण सिंह पांडवा के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम के आयोजक सांपला फाउंडेशन तथा नव्या हेल्पिंग हैंड्स की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने सेवा को अपना मिशन बनाया है। समाज में ऐसे संगठनों की संख्या जितनी बढ़ेगी, हमारा देश उतना ही मजबूत बनेगा। उन्होंने मासूम बेटी नव्या को असमय खो देने की गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए उनके परिवार द्वारा उसकी याद में की जा रही सेवा की विराट साधना को नमन किया।

उन्होंने युवाओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्त की कोई फैक्टरी नहीं होती। इसे किसी मशीन में तैयार नहीं किया जा सकता। विज्ञान ने बहुत प्रगति की है, लेकिन रक्त का निर्माण केवल मानव शरीर में होता है। जरूरतमंद तक यह तभी पहुंचता है, जब कोई रक्तदान करता है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की धरती वीरों की धरती है। सेवा और बलिदान की धरती है। श्री गुरु तेग बहादुर जी का त्याग, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की वीरता और शहीद-ए-आजम भगत सिंह का बलिदान हमें सिखाता है कि जीवन की महानता उसके उद्देश्य में होती है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कारगिल विजय दिवस पर उन वीर सैनिकों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया, भारत माता की रक्षा करते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने अपना रक्त देकर राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा की और आज हमारे रक्तदाता अपना रक्त देकर मानव जीवन की रक्षा करने का संकल्प ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार द्वारा नशा के खि़लाफ़ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को मैराथन एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है , क्योंकि अगर एक युवा नशा करता है तो उसके परिवार पर प्रतिकूल असर पड़ता है और गरीबी के दलदल में धंसता चला जाता है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा