पवन कुमार मुटनेजा बने हरियाणा के महाधिवक्ता
चंडीगढ़, 22 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने शनिवार को एक अहम निर्णय लेते हुए पानीपत निवासी वरिष्ठ वकील पवन कुमार मुटनेजा को प्रदेश का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है। मुटनेजा ने परविंद्र चौहान का स्थान लिया है। गत दिवस चौहान को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में जज प्रमोट कर दिया गया था।
वरिष्ठ अधिवक्ता पवन कुमार मुटनेजा पानीपत में प्रेम अस्पताल के संस्थापक डॉ. प्रेम कुमार मुटनेजा के सुपुत्र हैं और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. पंकज मुटनेजा के भाई हैं। एक प्रतिष्ठित चिकित्सा पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने के बावजूद पवन मुटनेजा ने कानून के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई और अपनी कड़ी मेहनत व लीगल सूझबूझ के बल पर आज प्रदेश के सर्वोच्च कानून अधिकारी के पद तक पहुंचे हैं।
पवन कुमार मुटनेजा की इस नियुक्ति से प्रदेश सरकार में पानीपत का सियासी कद और ज्यादा मजबूत हो गया है। मौजूदा हरियाणा सरकार में पानीपत का प्रतिनिधित्व पहले से ही काफी मजबूत स्थिति में है।
इस नियुक्ति के साथ ही हरियाणा सरकार में पानीपत की भूमिका और मजबूत हो गई है। पानीपत से दो वरिष्ठ नेता महिपाल ढांडा और कृष्ण लाल पंवार सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पानीपत से आने वाले राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को हाल ही में भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता भी पानीपत से ही ताल्लुक रखती हैं। अब प्रदेश के नए महाधिवक्ता के रूप में पवन कुमार मुटनेजा के नाम की घोषणा होने से पानीपत के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

