home page

कैथल: पटवारियों की हड़ताल से पटवार भवन पर लटके ताले, इंतकाल समेत सारे काम अटके

 | 
कैथल: पटवारियों की हड़ताल से पटवार भवन पर लटके ताले, इंतकाल समेत सारे काम अटके


कैथल, 24 अगस्त (हि.स.)। साफ्टवेयर और डीसीएस के विरोध में पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा की ओर से शुरू की गई हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। पटवारियों ने लघु सचिवालय परिसर में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के चलते जिले के पटवार भवनों पर दिनभर ताले लटके रहे। इंतकाल, जाति प्रमाण पत्र, डोमेसाइल, रजिस्ट्री और लोन लेन-देन से संबंधित रिपोर्ट सहित कई जरूरी काम प्रभावित हुए। काम के लिए पटवारियों के कार्यालय पहुंचे लोग ताले देखकर वापस लौटने को मजबूर रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग किराया खर्च कर जरूरी दस्तावेजों से संबंधित काम करवाने पहुंचे, लेकिन कार्यालय बंद होने के कारण उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा। लोगों का कहना है कि लगातार हड़ताल के कारण उनके जरूरी काम अटक रहे हैं। प्रशासन को लोगों की परेशानी को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।

धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान सुरेंद्र खटकड़ ने की। उन्होंने कहा कि पोर्टल में खामियों के कारण इंतकाल दर्ज करने में दिक्कत आ रही है। कई मामलों में न हिस्से सही दर्ज हो रहे हैं और न ही मालिकों के नाम सही आ रहे हैं। इन तकनीकी खामियों का खामियाजा पटवारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक पोर्टल को ठीक ढंग से संचालित नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

प्रदेश प्रचार सचिव सुखविंदर सिंह ने कहा कि सरकार को पोर्टल की खामियां दूर करनी चाहिए।

उन्होंने डीसीएस का काम प्राइवेट एजेंसी से करवाने के आदेश वापस लेने की मांग की। महासचिव बलिंद्र सिंह ने भी पोर्टल की खामियों को दूर करने की मांग उठाई। एसकेएस प्रधान ओमपाल भाल ने पटवारियों की मांगों का समर्थन किया। अनुमान है कि पटवारियों की हड़ताल से जिले में करीब पांच हजार इंतकाल, 1500 के करीब जाति व डोमेसाइल प्रमाण पत्र, 450 रजिस्ट्रियां और 500 के करीब लोन लेन-देन से संबंधित रिपोर्ट का काम प्रभावित हुआ है। इसके अलावा राजस्व विभाग से जुड़े अन्य कार्य भी अटक गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे