यमुनानगर:फीस वृद्धि पर भड़के अभिभावक, डीसी कार्यालय पर किया प्रदर्शन
यमुनानगर, 08 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर में निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और मनमानी नीतियों के खिलाफ बुधवार को अभिभावकों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। बड़ी संख्या में अभिभावक जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अभिभावकों का कहना है कि जिले के कई निजी विद्यालय हर वर्ष बिना स्पष्ट कारण के फीस में भारी वृद्धि कर रहे हैं। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन द्वारा बार-बार पाठ्यक्रम और किताबों में बदलाव किया जाता है, जिससे अभिभावकों को हर साल नई पुस्तकें खरीदनी पड़ती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्कूलों द्वारा एक ही निर्धारित दुकान से किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव बनाया जाता है, जिससे अभिभावकों को महंगे दामों पर सामग्री खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह स्थिति मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर संकट बन चुकी है। कई अभिभावक बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए कर्ज लेने को विवश हैं।
इस दौरान अभिभावकों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि निजी स्कूलों की फीस पर नियंत्रण के लिए सख्त नियम लागू किए जाएं। साथ ही किताबों और यूनिफॉर्म की खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा किसी एक दुकान से खरीद की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अंकुश बक्शी ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित में है और इसका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।प्रशासन ने अभिभावकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

