पानीपत में हड़ताल के समय 20 हजार रिश्वत लेते पटवारी एवं एक अन्य गिरफ्तार
चंडीगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो पानीपत यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20,000 की रिश्वत लेते हुए हलका पटवारी सुभाष व एक निजी व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुभाष, हलका पटवारी बाबरपुर, तहसील बापौली, जिला पानीपत तथा उस्मान, निजी व्यक्ति, निवासी अधमी, जिला पानीपत के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना करनाल में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी कि उसके रिश्तेदार की गांव गंजबार, जिला पानीपत स्थित 100 वर्ग गज कृषि भूमि के इंतकाल (म्यूटेशन) दर्ज करने के एवज में पटवारी सुभाष ने पहले 35,000 की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता के अनुरोध पर रिश्वत की रकम 20,000 तय हुई। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया। पटवारी सुभाष और निजी व्यक्ति उस्मान को 20,000 की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए टोल प्लाजा के पास पानीपत कार्यालय के नजदीक रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर राजपत्रित अधिकारी एवं शैडो विटनेस भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

