पानीपत में बनेगा बाईपास, कुरुक्षेत्र में नहरी आपूर्ति की तैयारी
चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के ऐतिहासिक शहर पानीपत में बाईपास का मुद्दा सिटी विधायक प्रमोद कुमार विज ने उठाया। वहीं थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में नहरी जलापूर्ति की मांग उठाई।
प्रमोद कुमार विज ने कहा कि पानीपत बड़ा औद्योगिक एरिया है। ट्रैफिक जाम की समस्या आए दिन बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शहर में 60 प्रतिशत बाईपास पहले से बना हुआ है। बाकी का चालीस प्रतिशत बनाने की जरूरत है। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने उनकी मांग का समर्थन किया। इसके साथ ही स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने भी बाईपास का समर्थन करते हुए कहा कि पानीपत को इसकी जरूरत है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि विभाग बाईपास की फिजिबिलिटी चैक करवाएगा। अगर सब सही रहा तो इसके बाद सरकार बाईपास का निर्माण कराएगी। इसी तरह थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि पूरे शहर में ट्यूबवेल से जल आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से ट्यूबवेल की संख्या बढक़र 100 से अधिक हो गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों ट्यूबवेल के सैम्पल लिए गए तो 10 जगह के सैम्पल फेल आए। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र ऐसा इलाका है, जहां 12 महीने नहरी पानी उपलब्ध है। ऐसे में शहर में नहरी जलापूर्ति होनी चाहिए। वर्तमान में शहर के कई हिस्सों का पानी पीने योग्य नहीं रहा है। टीडीएस की मात्रा काफी अधिक है। पानी की वजह से कई तरह की बीमारियां फैल रही हैं। रणबीर सिंह गंगवा ने इस पर भी सकारात्मक जवाब देते हुए कहा कि इस पर विचार किया जाएगा।
इंद्री से भाजपा विधायक रामकुमार कश्यप ने सदन में इंद्री बाईपास के पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाया। पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि वर्तमान में बाईपास 7 मीटर है और इसे कम से कम 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। कश्यप ने इस सडक़ पर ओवरलोड व माइनिंग वाहनों का मुद्दा उठाते हुए इसे फोर लेन बनाने की मांग की। इस पर कैबिनेट मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार फोर लेन बाईपास बनवाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि फोरेस्ट की मंजूरी मिलते ही इस पर काम शुरू होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

