पंचकूला के रायपुर रानी में बर्फ पर पेशाब करने का वीडियो वायरल, एफआईआर दर्ज
चंडीगढ़, 09 मई (हि.स.)। पंचकूला जिले के रायपुर रानी में एक बर्फ विक्रेता पर बर्फ की सिल्ली पर पेशाब करने का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि रायपुर रानी कस्बे में यास्मीन टैक्सटाइलस के साथ में बर्फ की सिल्ली के पीछे कुर्सी पर एक बुजुर्ग बैठा है। जो कुछ देर के लिए खड़ा होता है ओर फिर वहीं पर पेशाब करना शुरू कर देता है। पेशाब करने के बाद फिर से बुजुर्ग पानी का डिब्बा लेता है और अपने हाथ साफ करता है। इसके बाद वापस से अपने कपड़ों से हाथ साफ करता है। रायपुर रानी क्षेत्र में हिंदू जागरण मंच के सह संयोजक सुरेंद्र वर्मा ने इस कृत्य के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर कहा कि इस घटना से क्षेत्र के नागरिकों में भारी रोष है। सुरेंद्र वर्मा के अनुसार पंचकूला के जिस बुजुर्ग का वीडियो वायरल हो रहा है। उसका रिकॉर्ड में नाम मोलाराम है, उसके पिता का नाम फकीरिया राम है, जबकि वह खुद का धर्म मुस्लिम बताता है। हिंदू संगठनों के अनुसार उसका असल नाम मोलू खान है। उधर, आरोपी का बयान भी सामने आया है। उसका कहना है कि वह पेशाब नहीं कर रहा था, वह तो नाड़ा टाइट कर रहा था।पुलिस ने मामले की जांच के लिए फूड एंड सप्लाई विभाग, हेल्थ विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग व ड्रग्स इंस्पेक्टर पंचकूला से मौका घटनास्थल का निरीक्षण करके रिपोर्ट देने के लिए कहा था। मगर, तीनों विभाग ने यह मामला खुद से संबंधित नहीं बताया। सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण किया गया।
रायपुर रानी थाना प्रभारी के अनुसार हिंदु जागरण मंच की शिकायत पर बुजुर्ग के खिलाफ धारा 271,274,275 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। वहीं, सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

