सिरसा: लोन कंपनी ने सील किया मकान, पंचायत के बाद ताला तोड़ा
सिरसा, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चोपटा कस्बे के गांव अरनियांवाली में लोन की किश्त न चुकाने पर निजी लोन कंपनी द्वारा सील किए गए मकान को किसानों की महापंचायत के बाद शनिवार को खोल दिया गया है। किसान संगठनों की बदौलत सुभाष के परिवार को करीब सवा दो महीने के बाद अपना घर मिल पाया। अरनियांवाली में हुई इस महापंचायत में हरियाणा के अलावा राजस्थान के किसान संगठन भी पहुंचे और घर के बाहर धरना दिया और प्रशासन से पीडि़त परिवार को घर दिलवाने की मांग की।
महापंचायत में राजस्थान से किसान नेता मंगेज चौधरी के अलावा हरियाणा के किसान संगठन शामिल हुए। पंचायत में निर्णय लिया कि घर का ताला खोलकर परिजनों को घर में प्रवेश करवाना चाहिए। बताया जा रहा है कि अरनियांवाली निवासी मुकेश ने एक निजी कंपनी से वर्ष 2024 में करीब दस लाख रुपये का होम लोन लिया, जिसकी 17000 किश्त बांध दी गई। कुछ समय तक मुकेश लोन की किश्त भरता रहा, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उसने किश्त भरना बंद कर दिया। बीती सात को कंपनी के कर्मचारी मुकेश के घर पहुंचे और ताला लगा दिया।
इसके बाद मुकेश बेघर हो गया। मामला किसान संगठनों के पास पहुंचा तो किसान संगठन आगे आए और मुकेश के घर के बाद लोन कंपनी के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। पहले दिन पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के कारण ताला नहीं खोलने दिया और किसानों और मजदूरों ने घर के आगे धरना शुरू कर दिया। शनिवार को धरनास्थल पर पंचायत का आयोजन किया गया और फैसला लिया गया कि घर का ताला तोडक़र पीडि़त परिवार को मकान सौंपा जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

