home page

पलवल : सरकारी नौकरी का झांसा देकर युवक से 10 लाख रुपये हड़पे, दो साल तक देता रहा आश्वासन

 | 

पलवल, 03 सितंबर (हि.स.)। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से 10 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक के मकान मालिक ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रुपये लिए। इसके बाद करीब दो साल तक नौकरी लगवाने और रुपये वापस करने का आश्वासन देता रहा, लेकिन न तो नौकरी लगवाई और न ही रुपये लौटाए। पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद कैंप थाना पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने गुरूवार को जानकारी देेते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली शिकायत में राजीव नगर (शमशाबाद) निवासी चिराग ने बताया कि उसने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की है। वर्ष 2024 में वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था और दिल्ली में किराये के मकान में रहता था। इसी दौरान उसके मकान मालिक लाडो सराय, नई दिल्ली निवासी घनश्याम शर्मा ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

चिराग के अनुसार, उसने और उसके पिता हरफूल ने घनश्याम शर्मा से नौकरी के संबंध में बातचीत की। आरोपी ने नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उनसे 10 लाख रुपये ले लिए। शिकायत में बताया गया है कि इनमें से सात लाख 61 हजार 2 रुपये पेटीएम, फोन-पे और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से, जबकि शेष राशि नकद दी गई। पीड़ित ने लेन-देन से संबंधित साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।

पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार उसे और उसके परिवार को गुमराह करता रहा। कभी किसी तारीख तो कभी अगले महीने नौकरी लगवाने की बात कही जाती रही। साथ ही रुपये वापस करने का भी भरोसा दिया जाता रहा। करीब दो साल बीतने के बाद भी न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। जब चिराग ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पलवल के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। कैंप थाना की किठवाड़ी पुल पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार के अनुसार, जांच में प्रथमदृष्टया आरोपी द्वारा धोखाधड़ी कर नौकरी लगवाने के नाम पर पीड़ित से 10 लाख रुपये हड़पने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग