home page

पलवल : कार के डैशबोर्ड में छिपा रखा था देसी कट्टा, दो कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
पलवल : कार के डैशबोर्ड में छिपा रखा था देसी कट्टा, दो कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार


पलवल, 11 सितंबर (हि.स.)। सीआईए पलवल की टीम ने अवैध हथियार रखने के आरोप में पृथला गांव निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

सीआइए पलवल प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि हवलदार मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पृथला गांव निवासी रोहित कुमार अवैध हथियार लेकर अपनी आइ-20 कार के पास किसी का इंतजार कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर रोहित कार में बैठने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित कुमार बताया है। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपित हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद सीआइए की शिकायत पर गदपुरी थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसपी दीप्ति गर्ग ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और इनके बल पर अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग