पलवल: योग स्वस्थ जीवन का आधार- राजेश नागर
पलवल, 16 जून (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन पलवल, आयुष विभाग हरियाणा एवं एसवीएसयू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के राज्य मंत्री राजेश नागर ने सैकड़ों लोगों और विद्यार्थियों के साथ योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन रखने का आधार है। उन्होंने कहा कि, 'करोगे योग, रहोगे निरोग'।
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने उनका इस कार्यक्रम में पहुँचने पर भव्य स्वागत किया। राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से दुनिया के 192 देश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। उन्होंने स्मरण करते हुए कहा कि 21 जून 2015 को जब इस ऐतिहासिक दिन को मनाना शुरू किया, उस वक्त वह अमेरिका में उपस्थित थे और वहां सैकड़ों लोगों को योग करते देख गर्व का अनुभव हुआ। राजेश नागर ने कहा कि भारत का पहला राजकीय कौशल विश्वविद्यालय, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय योग एवं कौशल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। मैं युवाओं से आह्वान करता हूं कि वह योग को जीवन में अपनाएं और कौशल से अपना करियर बनाएं। नागर ने कहा कि हमारा लाइफस्टाइल तेजी से बदल रहा है। हमारा आहार और दिनचर्या भी बदल रहे हैं। इसलिए ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियां हो रही हैं। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि एसवीएसयू का ध्येय वाक्य है, 'योग: कर्मशु कौशलम' अर्थात कुशलता पूर्वक किया गया कर्म ही योग है। यह विश्वविद्यालय योग तथा कौशल के क्षेत्र में पूरे देश में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने योग को भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण आयाम बताया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

