home page

पलवल : फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को अश्लील मैसेज भेजने और ब्लैकमेल करने का आरोप, मुकदमा दर्ज

 | 

पलवल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील मैसेज भेजने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। साइबर सेल की प्रारंभिक जांच के बाद होडल थाना पुलिस ने एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गांव भुलवाना निवासी शिवानी ने शिकायत में बताया कि कृष्णा कॉलोनी पलवल निवासी पूनम उर्फ पिंकी ने उनके नाम से तथा उनकी ननद के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना रखी है। आरोप है कि इन फर्जी आईडी के माध्यम से अश्लील फोटो और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए तथा गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, देर रात फोन कर परेशान किया गया, जिससे उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित द्वारा उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में उन्होंने पहले साइबर सेल पलवल में शिकायत दी थी। साइबर सेल द्वारा की गई प्रारंभिक जांच के बाद मामला होडल थाना भेजा गया, जहां पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग