पलवल पुलिस चोरी की पिकअप समेत पकड़े दो आरोपी
पलवल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल एंटी नारकोटिक्स स्टाफ (एएनसी) ने पलवल-हथीन मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान दिल्ली से चोरी की गई एक पिकअप गाड़ी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएनसी स्टाफ प्रभारी विश्व गौरव ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम हथीन मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मालूका गांव निवासी मोहम्मद अली और नूंह के नगीना निवासी मोहम्मद इनाम चोरी की पिकअप लेकर हथीन की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पलवल-हथीन रोड पर नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप को रोककर जांच की गई।
गाड़ी के नंबर की जांच करने पर वह दिल्ली की पाई गई। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर पुष्टि हुई कि पिकअप चोरी हो चुकी है और इस संबंध में दिल्ली के पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज है। तलाशी के दौरान मोहम्मद अली से एक जिंदा कारतूस व नकदी बरामद हुई, जबकि मोहम्मद इनाम के पास से एक देशी कट्टा मिला।
पुलिस ने चोरी की पिकअप, हथियार और अन्य सामान जब्त कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा व आर्म्स एक्ट के तहत शहर थाना पलवल में मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की गाड़ियों को काटकर उनके स्पेयर पार्ट्स अलग-अलग बाजारों में बेचते थे। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश करेगी। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

