home page

पलवल : कलसाड़ा फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, किशोर भी शामिल

 | 
पलवल : कलसाड़ा फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, किशोर भी शामिल


पलवल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हथीन क्षेत्र के कलसाड़ा गांव में युवक पर देसी कट्टे से फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए पलवल की टीम ने शुक्रवार काे एक किशोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की है। हथियार और कारतूस बरामद करने के लिए मुख्य आरोपी मनोज उर्फ मन्नू और नरेंद्र को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 13 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे कलसाड़ा गांव में हुई थी। यहां मोहित पर देसी कट्टे से फायरिंग की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल की मां लज्जा देवी की शिकायत पर हथीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले गढ़ी पट्टी, होडल निवासी धर्मेंद्र उर्फ गफू को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सीआईए पलवल की टीम ने कार्रवाई करते हुए गढ़ी पट्टी, होडल के पास से मुख्य आरोपी मनोज उर्फ मन्नू और नरेंद्र को गिरफ्तार किया। इस मामले में एक किशोर को भी पकड़ा गया है। सीआईए पलवल प्रभारी नरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद कर ली है। मामले में प्रयुक्त देसी कट्टा और कारतूस बरामद करने के लिए मनोज और नरेंद्र को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग