home page

पलवल : इंडियन ऑयल की गाड़ी लेकर फरार हुए चोर, पुलिस घेराबंदी में टायर फटा तो छोड़ भागे

 | 

पलवल, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के हथीन थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की बोलेरो गाड़ी चोरी का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की त्वरित घेराबंदी के चलते चोर गाड़ी को क्षतिग्रस्त हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार सापनकी गांव निवासी जाकिर हुसैन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में चालक के पद पर कार्यरत है और भंगूरी से उमराला (हरियाणा-यूपी बॉर्डर) तक तेल पाइपलाइन की निगरानी का काम करता है। उन्होंने मंगलवार काे बताया कि रात के समय जाकिर हुसैन ने अपनी बोलेरो गाड़ी भंगूरी पाइपलाइन के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। इस दौरान वह कुछ देर के लिए नीचे उतरे और जल्दबाजी में गाड़ी की चाबी अंदर ही लगी रह गई। इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोर बोलेरो लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जाकिर हुसैन ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। घेराबंदी से घबराए चोर तेज रफ्तार में भागने लगे, तभी भंगूरी सरकारी स्कूल के पास बोलेरो का टायर अचानक फट गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गई।

इसके बाद आरोपी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके से वाहन को बरामद कर लिया है। हथीन थाना पुलिस ने चालक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग