पलवल: बाइक की डिग्गी तोड़कर साढे तीन लाख उड़ाए, नौकर गिरफ्तार
पलवल, 29 सितंबर (हि.स.)। पलवल जिले के हथीन थाना पुलिस ने लखनाका स्थित ईंट भट्ठे पर मुनीम की बाइक की डिग्गी तोड़कर 3.50 लाख रुपये चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखनाका निवासी गुलाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 2.04 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि हुडीथल निवासी ओम प्रकाश लखनाका स्थित रमला ब्रिक्स उद्योग में मुनीम के पद पर कार्यरत हैं। 24 सितंबर को ईंटों की पेमेंट के तौर पर भट्ठे पर 3.50 लाख रुपये आए थे। मुनीम ने यह रकम अपनी बाइक की डिग्गी में रख दी थी। कुछ देर बाद बाइक की डिग्गी का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में भट्ठे पर काम करने वाला नौकर गुलाब बाइक की डिग्गी का ताला तोड़कर रुपये निकालता हुआ दिखाई दिया।
शिकायत के आधार पर हथीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी गुलाब को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पलवल आगरा चौक स्थित एसबीआई के एटीएम से जुड़े खाते में जमा 1.98 लाख रुपये तथा 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार कुल 2.04 लाख रुपये बरामद हुए हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

