home page

पलवल : मानपुर में निर्माणाधीन मकान से गिरकर राजमिस्त्री की मौत

 | 

पलवल, 20 अगस्त (हि.स.)। मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करते समय गिरने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार काे मकान मालिक के खिलाफ सुरक्षा मानकों की अनदेखी, घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करने और दबाव बनाकर काम कराने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की बताई गई है। शिकायतकर्ता महेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई सतीश के साथ गांव निवासी सुक्की के मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहा था। दोनों निर्माणाधीन छत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान छत में लगा एक पत्थर अचानक टूट गया, जिससे सतीश का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल सतीश को तत्काल पलवल के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

महेंद्र का आरोप है कि उसने और उसके भाई ने काम शुरू करने से पहले मकान मालिक को छत में इस्तेमाल किए जा रहे पत्थर और अन्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर आगाह किया था। उनका कहना था कि सामग्री घटिया होने से हादसे की आशंका बनी हुई है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। शिकायत के अनुसार, चेतावनी देने के बावजूद मकान मालिक ने दबाव बनाकर दोनों भाइयों से काम शुरू करा दिया। हादसे के बाद परिजनों में रोष है।

मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश चंद ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सरकारी अस्पताल की मर्चरी में रखवाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करते समय गिरने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ सुरक्षा मानकों की अनदेखी, घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करने और दबाव बनाकर काम कराने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग