home page

पलवल : एसआईआर पर राहुल गांधी का नैरेटिव बेनकाब: डॉ. अर्चना गुप्ता

 | 
पलवल : एसआईआर पर राहुल गांधी का नैरेटिव बेनकाब: डॉ. अर्चना गुप्ता


पलवल, 28 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी रोज नए आरोप और नया नैरेटिव लेकर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अंग्रेजी समाचार पत्र की रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए गए, जबकि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त प्रेस नोट में स्पष्ट किया गया कि एसआईआर की प्रक्रिया तीनों की सहमति से हुई है और किसी प्रकार की असहमति नहीं थी।

सोमवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी देश के गरिमापूर्ण पद पर हैं। ऐसे में संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आमजन को गुमराह करने के लिए भ्रामक नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को सुनिश्चित करना और मतदाता सूची का शुद्धीकरण करना है।

वोट चोरी के कांग्रेस के आरोप पर डॉ. गुप्ता ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के एक कथित बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वोट चोरी को लेकर सवाल किससे किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इनेलो की सभाओं में भीड़ के बावजूद भाजपा बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के कारण चुनावों में सफल रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बदलने और उनके पंजाब दौरों से जुड़े सवाल पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार हरियाणा के हितों को लेकर काम कर रहे हैं। उनके अनुसार सरकार की 217 घोषणाओं में से 70 पूरी हो चुकी हैं और दो लाख युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी दी गई है।

पंजाब को लेकर उन्होंने दावा किया कि वहां की जनता आम आदमी पार्टी सरकार से परेशान है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में परिणाम आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में वृक्षारोपण, रक्तदान और सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। दो अक्टूबर को सुबह आठ से दस बजे तक प्रदेशभर में सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर राज्यमंत्री गौरव गौतम, जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला और जिला प्रभारी नागेंद्र शर्मा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग