home page

पलवल: नेशनल हाईवे पर डिवाइडर में मिला नवजात का लहूलुहान शव, सिर पर चोट के निशान

 | 

पलवल, 30 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग -19 पर स्थित मुंडकटी थाना क्षेत्र के बंचारी गांव के पास एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहाँ सड़क के डिवाइडर में एक नवजात शिशु (लड़का) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम का शरीर लहूलुहान था और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंडकटी थाना प्रभारी संजय कुमार ने सोमवार को बताया कि मूल रूप से बिहार के वैशाली निवासी इस्माईल पिछले 15 वर्षों से बंचारी में टायर पंचर की दुकान चलाते हैं। एक अज्ञात कार चालक ने उन्हें सूचना दी कि डिवाइडर के पास एक छोटा बच्चा पड़ा हुआ है। जब इस्माईल मौके पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गए। बिना कपड़ों के एक नवजात शिशु का शव वहां पड़ा था, जिसके सिर के दाहिने हिस्से से काफी खून बह रहा था।

सूचना मिलते ही एएसआई मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन बच्चे की पहचान के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल सका। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने लोकलाज के डर से या किसी अन्य कारण से नवजात को वहां फेंका है। पुलिस अब हाईवे और आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग